राजेश तिवारी,
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं. मुख्यमंत्री अपनी पैनी नजर अपने ट्विटर एकाउंट पर रख रहे हैं. ट्विटर में मिल रही शिकायतों पर मुख्यमंत्री त्वरित संज्ञान ले रहे हैं. ट्विटर पर शिकायत आते ही उस पर वे संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री खुद ट्विटर एकाउंट हैंडल कर रहे हैं. यानी अब आपको अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है. 71 दिनों में हेमंत सरकार ने अब तक 200 से अधिक शिकायतों का निपटारा कर चुकी है.
इस व्यवस्था का लाभ ज्यादातर वैसे लोगों को मिल रहा है जो कहीं आने-जाने में असमर्थ हैं या सरकारी व्यवस्था से दुखी हैं. यह व्यवस्था लाचार लोगों के लिए एक हथियार के तौर पर साबित हो रहा है. लोग इसकी सराहना भी कर रहे हैं.
क्या कहा था हेमंत ने:
सरकार बनते ही हेमंत सोरेन ने सिस्टम ऐसा बनाया जिससे लोग उनसे सीधे तौर पर जुड़े रहें है. इसको देखते हुए हेमंत सोरेन ने 3 जनवरी को अपने ऑफिशियल ट्विटर एकाउंट पर पोस्ट शेयर किया था कि @jharkhandcmo मुख्यमंत्री कार्यालय का आधिकारिक हैंडल है, इसके जरिये आपलोग मुझसे सीधे तौर पर जुड़ सकते हैं. आप अपनी समस्या इस पर पोस्ट कर सकते हैं.
ऐसे-ऐसे मामले आये:
- टाटा नगर स्टेेशन के बाहर एक महिला ने अपने बच्चे को पैसे के कारण एक युवक को बेचने का मामला मुख्यमंत्री के ट्विटर पर आया. मुख्यमंत्री ने तत्काल इस मामले पर संज्ञान लेते हुए डीसी को बच्चा बरामद कर मां को सौंपने का निर्देश दिया. पुलिस ने बच्चे को ले जाने वाले शक्स की पहचान कर उसे पकड़ा और बच्चे को उसकी मां को साैंप दिया गया.
- रामगढ़ में एक हजार लोगों का राशन कार्ड बनाया गया. वहीं, चार घंटे में आयुष्मान कार्ड भी लोगों को उपलब्ध कराया गया.
- गुमला की एक वृद्ध महिला को राशन, पेंशन के अलावा अन्य कोई सरकारी सुविधा नहीं मिल रही थी. इस संबंध में मुख्यमंत्री के ऑफिशियल ट्विटर साईट पर शिकायत मिली, तो उन्होंने तत्काल गुमला डीसी को निर्देश दिया. निर्देश पाते ही प्रशासन हरकत में आयी और उक्त महिला को राशन व पेंशन की सुविधा दी गयी.
- कोडरमा की कैंसर रोगी शशिबाला को बेहतर इलाज हो, इसके लिए उसे तत्काल आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया.
- बोकारो के धधकिया के लाचार दिव्यांग बुजुर्ग दंपति की पेंशन व राशन कार्ड से संबंधित सारी विसंगतियों को दूर करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया. सीएम के ट्वीट के बाद जिला प्रशासन बीमार भगतु मुंडा व उनकी पत्नी अघनी की मदद के लिए अधिकारी खुद उनके घर पहुंचे.

