मुंगेर: जमालपुर थाना क्षेत्र के नक्कीनगर केशोपुर के ई रिक्शा चालक मनीष कुमार हत्याकांड में जमालपुर पुलिस ने दो शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपित के पास से ई रिक्शा चालक का गायब मोबाइल भी बरामद किया गया.
गिरफ्तार दोनों शातिर अपराधी के बारे में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि ई रिक्शा चालक मनीष हत्याकांड में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्णिया जिला के करण उर्फ विशाल एवं सफियासराय ओपी क्षेत्र के सिघिया इंग्लिश टोला निवासी सूरज यादव को गुप्त सूचना के आधार पर जमालपुर से गिरफ्तार कर लिया गया.
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि गिरफ्तार दोनों युवक शराब के धंधे के अलावे ठगी का कारोबार वर्षों से संचालित कर रहे थे. दोनों जमालपुर और ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किराये के मकान में रह कर अपने अवैध कारोबार को संचालित करते थे. शराब के धंधे में ही ई रिक्शा चालक मनीष की हत्या की गई थी.
वैसे करण के पास से मृतक ई रिक्शा चालक का मोबाइल भी बरामद किया गया है. इधर दोनों गिरफ्तार अपराधी को पूछताछ करने के बाद जेल भेजे जाने की बात थानाध्यक्ष ने कही. मालूम हो कि बीते दिनों ही ई रिक्शा चालक मनीष कुमार की हत्या कर कुएं में शव को फेंक दिया गया था.

