रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव के निर्वाचन पदाधिकारी सह विधानसभा के सचिव महेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि शुक्रवार 19 जून को को सुबह नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक होने वाले मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है.
उन्होंने बताया कि मतदान को लेकर बूथ बनाये गये है, विधानसभा परिसर के पश्चिमी विंग में स्थित न्यायाधिकरण कक्ष, कमरा संख्या-42 में निर्वाचक मंडल के सामान्य सदस्य और कोविड-19 के संदिग्ध मतदाताओं के लिए कमरा संख्या -39 में वोट कर पाएंगे.
उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर मतदान केंद्र के बाहर सैनिटाइजर और मास्क की भी व्यववस्था की गयी है. निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि अपराह्न चार बजे मतदान समाप्त हो जाने के बाद संध्या पांच बजे से मतगणना शुरू होगी और भारत निर्वाचन आयोग से सहमति मिलने के बाद देर शाम चुनाव परिणाम घोषित कर दिये जाने की संभावना है.

