नई दिल्ली: दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में कथित रूप से दो भाईयों के आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. डीसीपी नॉर्थ मोनिका भारद्वाज ने बताया कि जांच में पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें मौत की वजह आर्थिक तंगी को बताया गया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों का ज्वैलरी का कारोबार था, इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस आत्महत्या के अलावा दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है.
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान अंकित गुप्ता (47) और अर्पित गुप्ता (42) के रूप में हुई है. यह दोनों चांदनी चौक में मालीवाड़ा में हल्दीराम के ऊपर कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाने वाले आदिश्वर गुप्ता के बेटे थे.
बुधवार को दोनों भाई अपनी दुकान में थे, लेकिन करीब तीन बजे दोनों ने अपनी ही दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे चांदनी चौक बाजार में सनसनी फैल गई.

