बेरमो:गोमिया प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र टूटीझरना जंगल के पास सर्च अभियान के दौरान बुधवार देर रात नक्सलियों एवं सीआरपीएफ के बीच मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थिति गंभीर बनी हुई है.
सूत्रों के अनुसार अनुसार एक जवान के पेट में तो दूसरे के छाती में गोली लगी है. वहीं कई नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है. घायल नक्सली मौके से हथियार छोड़ भाग निकले हैं. घायल सीआरपीएफ जवानों के नाम सत्येंद्र सिंह एवं विष्णु सिंह हैं. दोनों का इलाज मेडिका रांची में चल रहा है. इस घटना पर पुलिस और सीआरपीएफ अभी कुछ भी कहने से बच रही है.

