रांची : दी इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड एकाउंटेंटस ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की कमेटी फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस द्वारा रांची के करमटोली चौक स्थित सेलिब्रेशन हॉल में दो दिवसीय अखिल भारतीय कांफ्रेंस “सक्षम” का आयोजन किया गया है. इसका उदघाटन शनिवार को मुख्य अतिथि रांची के चीफ कमिश्नर ऑफ़ इनकम टैक्स राकेश मिश्रा ने किया.
उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी और इनकम टैक्स का समागम असेसमेंट में पादर्शिता लाएगा. बदलाव अपने साथ बहुत सारे अवसर लेकर आता है. चार्टर्ड एकाउंटेंट्स वित्तीय समाज की रीढ़ होने के नाते उन बदलावों को अपनाने में बहुत बड़ा योगदान देते है.
मिश्रा ने कहा कि कोड ऑफ़ एथिक्स को लागू करके दी इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड एकाउंटेंटस ऑफ़ इंडिया ने सराहनीय कदम उठाया है. उदघाटन समारोह के अवसर पर इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट मनोज फडनिस, इंस्टीट्यूट के केंद्रीय परिषद सदस्य सतीश गुप्ता, इंस्टीट्यूट के मध्य भारतीय क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष मुकेश बंसल और परिषद के सचिव अभिषेक पांडेय मंच पर उपस्थित थे. कांफ्रेंस के संयोजक प्रवीण सिन्हा ने युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को बदलते वित्तीय वातावरण में योगदान देने की बात कही. श्रद्धा बागला एवं शुभम मोदी ने अतिथियों का स्वागत किया.
अध्यक्ष संदीप जालान ने कांफ्रेंस का आगाज करते हुए कहा कि इंस्टीट्यूट अपने सदस्यों को प्रोत्साहित करने में जामवंत की भूमिका निभाता है. इस कांफ्रेंस के प्रथम दिन के प्रथम सत्र में जयपुर से आये इंस्टीट्यूट के सेंट्रल कौंसिल मेंबर सतीश कुमार गुप्ता ने इनकम टैक्स के सेक्शन 56 को आधार बनाकर इनकम टैक्स असेसमेंट प्रक्रियाओं को समझाया.
उन्होंने असेसमेंट प्रक्रियाओं में आये नए नियम और कानूनों को उपस्थित डेलीगेटस के लिए सरल बनाये. दिन के दूसरे सत्र में इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट मनोज फडनिस ने इंडियन एकाउंटिंग स्टैंडर्डस को समझाते हुए वर्त्तमान समय में इंड ए एस का उपयोग एवं भारतीय कम्पनीज को वैश्विक मार्केट के अनुसार ढलने की जरूरत समझायी.
कांफ्रेंस के मीडिया प्रभारी रोहित रॉय एवं अंकित राजगढ़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि इसमें संयोजक प्रवीण सिन्हा, अध्यक्ष संदीप जालान, राजीव मित्तल, अविनाश दीवान, संजय वाधवा, सुमित अग्रवाल, मनीषा बियानी, प्रवीण शर्मा, निशा अग्रवाल, पंकज मक्कड़, विनीत अग्रवाल, प्रभात कुमार एवं विभिन जगहों से आये 450 डेलीगेटस उपस्थित थे. मंच का संचालन अंकित अग्रवाल एवं स्नेहा नारसरिया ने किया.

