प्रधानमंत्री का किया आभार प्रकट, कहा झारखंड से प्रधानमंत्री जी का विशेष लगाव
Ranchi:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्र सरकार द्वारा झारखंड में दो एक्सप्रेस दिए जाने पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस वे झारखंड के लिए लाइफ लाइन साबित होगा. केंद्र सरकार ने झारखंड को बड़ा सौगात दिया है. उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को झारखंड में दो इकोनॉमिक ग्रीन कॉरिडोर बनाने की स्वीकृति दे दी है. जो कि रांची से संबलपुर तक और धनबाद से रायपुर तक भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे बनने का रास्ता साफ हो गया है. ये दोनों एक्सप्रेस-वे देश में अनूठे होंगे, क्योंकि इन पर जानवरोें के लिए अलग ओवरपास बनेंगे.
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से देश के उद्योग-धंधों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. आयात – निर्यात बढ़ेगा. इसके लिए बाईपास सड़कों का जाल बिछेगा. भारी वाहन शहरों से बाहर ही बाहर निकल जाएंगे, जाम से छुटकारा मिलेगा. व्यावसायिक वाहन भी अपने-अपने गंतव्य तक जल्दी से जल्दी पहुंचेंगे. बड़े पैमाने पर झारखंड और संबंधित राज्यों में रोजगार के मौके बढ़ेंगे. 2022 तक इस सड़क को तैयार कर लिया जाना है जिसके लिए भू अर्जन विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण और अवार्ड की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. डीपीआर भी बन चुका है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी का झारखंड से विशेष लगाव रहा है. ये दोनों एक्सप्रेस वे झारखंड को नई पहचान देगा. राज्य में आर्थिक विकास बढ़ेगा. गाड़ियों का पहिया तेजी से बढ़ेगा तो आर्थिक विकास में तेजी आएगी.

