भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत लसाड़ियां के देवपुरी गांव में बकरियां चराने गई भील समाज की दो मासूम बालिकाओं की डूबने से मौत हो गयी है. इसी प्रकार बीगोद थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नदी में भी एक शव मिला है.
देवपुरी में दोनों बालिकाओं के शव ग्रामीणों ने बुधवार सुबह बड़ी मशक्कत के बाद देवपुरी के बहाले से निकाले. दोनों की डूबने से मौत हो गयी है. गांव में शोक की लहर फैल गयी है. लसाडिया के पूर्व सरपंच संजय मंत्री ने बताया कि देवपुरी निवासी राजू भील की 9 वर्षीय पुत्री सुगना अपनी ममेरी बहन मंजू पुत्री रामस्वरूप भील निवासी सांखलिया के साथ अपरान्ह में बकरियां चराने गई थी. जो देर शाम तक नहीं लौटी थी. इस पर राजू भील के साथ ग्रामीणों ने पहले जंगल में तलाश की बाद में आशंका होने पर नाले के पानी में उतर कर वहां भी तलाश की परंतु दोनों बालिकाओं के संबंध में कोई अता पता नहीं चला.
बुधवार को सुबह पंडेर पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बहाला में तलाश की तो दोनो बालिकाओं के शव मिल गये. ग्रामीणों ने शवों को बाहर निकाला तो परिजन सहित ग्रामीण विलाप करने लगे. पंडेर पुलिस शवों को पोस्टमार्टम कराने के लिए चिकित्सालय ले गयी है. उपखंड अधिकारी श्वेता चोहान के निर्देश पर पंडेर पुलिस के साथ ही हलका पटवारी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे है.
पूर्व सरपंच संजय मंत्री ने बताया कि मंगलवार को ग्रामीणों ने देर रात तक तलाश की परंतु दोनों का कुछ भी पता नहीं चला है. ग्रामीणों ने आशंका के आधार पर दोनों मासूम बालिकाओं की देवपुरी के बहाला यानी नाले में भी तलाश की थी.

