चतरा:- चतरा में अफीम तस्करों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सिमरिया एसडीपीओ अशोक रविदास के नेतृत्व में गठित लावालौंग थाना पुलिस ने दो किलो अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्करो को गिरफ्तार किया है. साथ ही तस्करों के पास से तस्करी में प्रयुक्त हीरो मोटरसाईकिल बाईक भी जब्त किया गया. पुलिस को यह सफलता लावालौंग-टिकदा मुख्यपथ पर स्थित मंधनिया स्कूल के समीप से मिली है.
सिमरिया में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अफीम तस्करी मंधनिया के रास्ते अफीम लेकर जाने वाले हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग थाना प्रभारी व सशस्त्र बल की टीम बनाकर वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश प्राप्त हुआ था. अभियान के दौरान ही दोनों तस्कर अफीम के साथ पकड़े गए. एसडीपीओ ने बताया कि अफीम तस्करों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा. गिरफ्तार दोनों तस्कर लावालौंग थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं.

