सिमडेगा: ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र कादोबहाल से आपराधिक संगठन पहाड़ी चीता गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. भारी मात्रा में हथियार और लेवी की रकम बरामद हुई. सिमडेगा के सीमावर्ती ओड़िसा के रायबोगा थाना क्षेत्र के कादोबहाल से ओड़िसा पुलिस ने राजू किंडों और सनमुनु साहु नामक दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है.
एसपी सुंदरगढ़ सागरिका नाथ ने जानकारी दी कि रायबोगा थाना क्षेत्र के कदोबाहल में खूंखार पहाडीचीता गिरोह के सदस्यों के होने की सूचना सुंदरगढ पुलिस को मिली. गुरुवार की देर रात बिरमित्रपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की और राजू किंडो और सनमुनु साहू को गिरफ्तार किया.
पुलिस ने उनके पास से 7 पिस्टल, 1 कार्बाइन, 2 जिंदा कारतूस और 4 लाख 81 हजार की नकदी जब्त की. राजू किंडो पर हत्या, जबरन वसूली, हत्या के प्रयास के मामले लंबित हैं. पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है.

