रांची। झारखंड में सोमवार को कोरोना संक्रमित चार नये मरीज मिले। ये चारों मरीज अलग-अलग इलाके से मिले हैं, एक कोरोना संक्रमित मरीज रांची के हिंदपीढ़ी में मिला, वहीं एक-एक मरीज बोकारो,हजारीबाग और देवघर जिले में मिला है।इसके साथ ही झारखंड में अब कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 45 पहुंच गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देवघर जिला अब तक कोरोना वायरस से अछूता था, लेकिन अब देवघर जिला भी इसकी चपेट में आ गया है। बताया गया है कि पंजाब से लौटे एक युवक को 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रखा गया और यह अवधि पूरी होने के बाद वह कोरोना संक्रमित मिला है।
इधर, बोकारो जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमित एक अन्य मरीज की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही बोकारो जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी। जिले में पिछले कई दिनों से कोरोना पॉजिटिव नहीं मिल रहे थे, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन फिर से कोरोना मरीज मिलने के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है। जिले के सिविल सर्जन ने कोरोना पॉजिटिव मिलने की पुष्टि की है। सिविल सर्जन ने बताया कि बोकारो जिले के साड़म गांव से ही यह मरीज मिला है। इसी गांव में पिछले दिनों एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी।
इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 45हो गयी है, जिसमें से अकेले रांची जिले में 25 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, वहीं बोकारो जिले में 10, हजारीबाग में तीन, धनबाद, सिमडेगा जिले में दो-दो, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर जिले में एक-एक मामले सामने आये है। वहीं चार मरीजों के ठीक हो जाने के बाद अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 38 रह गयी है, जबकि दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

