चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय के चाईबासा के बरकला स्थित वन विभाग कार्यालय और आवासीय परिसर में आईईडी विस्फोट कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली. पुलिस ने फिर से अपराध की योजना बना रहे दो माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के पास से सरकार के खिलाफ लिखे गये भारी संख्या में पोस्टर के अलावा मोबाइल फोन और मोटरसाईकिल समेत कई सामान बरामद किये हैं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान जगमोहन सवाईयां और सरजोम बोयपाई के रूप में की गयी है.
उन्होंने बताया कि दोनों नक्सलियों को शहर में दहशत फैलाने की कोशिश को लेकर नक्सली पोस्टर चिपकाते समय रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. इन दोनों की गिरफ्तारी चाईबासा शहर से सटे सोमा पंचो गांव से हुई. गिरफ्तार नक्सलियों से बरकला वन परिसर में किये गये बम विस्फोट की घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है. इन जानकारियों के माध्यम से पुलिस अन्य नक्सलियों के धरपकड़ के लिए सघन छापामारी अभियान चला रही है.
गौरतलब है कि 10दिन पहले माओवादियों ने बलकला वन क्षेत्र में वन विभाग के रेंज कार्यालय, गेस्ट हाउस और कर्मचारी आवास को बम विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस मामले में पुलिस को यह पहली सफलता मिली है.

