रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव ओपी स्थित मेगा स्पोर्ट्स कांम्पलेक्स में ठहरे दो पुलिसकर्मियों ने आपस में ही एक दूसरे पर गोली चलायी, जिससे दोनों की ही मौत हो गयी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल-4 बटालियन बी कंपनी के जवान विधानसभा चुनाव कराने झारखंड आये है और इन सभी को मेगा स्पोर्ट्स कांम्पलेक्स में ठहराया गया था. इसी दौरान देर रात दो पुलिस कर्मियों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी और सोमवार तड़के दोनों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दी. बताया गया है कि कंपनी कमांडर मेला राम कुर्रे और विक्रम राजवाड़े ने एक-दूसरे पर गोलियां चलायी. जिससे एक की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि दूसरे की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गयी.
छत्तीसगढ़ से विधानसभा चुनाव कराने आये इन सभी जवानों को आज ही हजारीबाग भेजा जाना था, लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक, सिटी एसपी और सदर डीएसपी समेत अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस घटना की मुख्य वजह जानने की कोशिश कर रही है.

