उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो रोडवेज बसों की आमने-सामने भीषण टक्कर हुई है. हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, काकोरी हरदोई रोड के पास यह भीषण हादसा हुआ है. एक रोडवेज बस लखनऊ से हरदोई और दूसरी हरदोई से लखनऊ जा रही थी. बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे यह हादसा हुआ. हादसे के बाद चीख पुकार मच गई.
हादसे में छह लोगों ने दम तोड़ दिया है, वहीं, मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं गंभीर रुप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है.
एसीपी एसएम कासिम आबिदी ने इसकी पुष्टि की है. मृतकों में नितेश भारती, लकी सक्सेना, राजेंद्र सक्सेना, सरवाघार, हरीराम व एक महिला शामिल है.

