रांची: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है और उनके पास से 20 पुड़िया गांजा बरामद किया गया है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार गांजा की पहचान गोलू और अजीत ठाकुर के रूप में की गयी है. गोलू इंद्रपुरी मोहल्ले के रोड संख्या 6 का रहने वाला है, जबकि दूसरा गांजा तस्कर अजीत ठाकुर मधुकम का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि ये लोग घूम-घूम कर गांजा बेचा करते थे. पुलिस लगभग 20 पुड़िया गांजा बरामद किया है.
सुखदेव नगर थाना प्रभारी ने बताया कि गांजा तस्कर गोलू और अजीत के सहारे पुलिस बड़े गांजा तस्करों के पास पहुंचने की कोशिश कर रही है, ताकि यह पता चले कि और कितने लोग इस धंधे में शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि ये लोग घूम घूम कर गांजा बेचा करते थे. हालांकि गोलू और अजीत का कहना है कि वे पहली बार गांजा बेच रहे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही और नये नामों का खुलासा कर सकती है.
गौरतलब है कि रांची में गांजा तस्कर धड़ल्ले से अपने काम को अंजाम दे रहे हैं. प्रशासन गांजा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है, फिर भी गांजा तस्करी रुक नहीं रही है.

