भुवनेश्वर: ओडिशा की कोरापुट पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ किया है. कल मंगलवार को 322 किलो गांजा जब्त किया है. तस्करी कर रहे दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी हैं जिन्हें गिरफ्तार किया गया है.
सूत्रों के अनुसार, आंध्र की सीमाओं से गांजा की तस्करी के संबंध में प्राप्त जानकारी के आधार पर, कोरापुट एसपी ने नंदापुर एसडीपीओ को तत्काल मामले को देखने का निर्देश दिया. जारी निर्देश के अनुसार, मचकुंड और लामतापुत पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुनीपाड़ा इलाके में गश्त शुरू की और देर रात शिव मंदिर के पास गांजा लदे ट्रक को रोक दिया.
ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस ने 16 बैगों में भरा लगभग 321.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 30 लाख बताई गई है. छत्तीसगढ़ रायपुर निवासी बिपिन मिश्रा और अरुण दुबे को गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
प्रारंभिक जांच के मुताबिक गांजे की खेप को आंध्र प्रदेश के एनुगु क्षेत्र से लामतापुत, जेपोर और रायपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था.
वहीं मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा पुलिस टीम द्वारा लगभग 621 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था.
उससे पहले, ऑर्केल पुलिस स्टेशन के एसआई जेपीएन होता के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने मोटरसाइकिल पर ले जाए जा रहे 89 किलोग्राम गांजा को जब्त किया था, और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था.

