पुरातात्विक खुदाई में मिली मूर्तियों की अंतराष्ट्रीय बाजार में अच्छी कीमत होने की छपी खबर से पढ़ कर चोरी की बनायी योजना
रांची:- झारखंड में हजारीबाग जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी स्थित बहोरनपुर से चोरी गयी ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की भगवान बुद्ध की दोनों मूर्तियां रांची से बरामद हो गयी हैं. 72 घंटे से भी कम समय में अथक प्रयास कर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस0 के नेतृत्व में पुलिस ने यह सफलता हासिल की है.
भगवान बुद्ध की दोनों मूर्तियां राजधानी रांची के बड़गाई स्थित यतीश कुमार के आवास से बरामद की गयी है. दोनों मूर्तियों को यतीश कुमार के आवास के अंतिम कमरे में बने टॉयलेट की दो छत्ती से बरामद किया गया है. इस मामले में हजारीबाग पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस. ने बताया कि पुरातात्विक खुदाई में भगवान बुद्ध की मिली मूर्ति की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य होने की अखबारों में छपी खबर के बाद रांची के संजय अग्रवाल ने सुजीत कुमार के साथ मिलकर हजारीबाग से मिली भगवान बुद्ध की मूर्तियों को चुराने का प्लान बनाया. इसके लिए सुजीत कुमार ने बिहार के बांका के दो चोरों नरेश राय और बन्तु सिंह की मदद ली. सुजीत के साथ दोनों चोरों ने तीन मार्च को हजारीबाग में मूर्तियों की रेकी की. इसके बाद 20 मार्च को इन्होंने मूर्तियां चुरा ली और उसे रांची लाकर संजय अग्रवाल को सौंप दिया.
मूर्तियों को चोरी करने के मामले में हजारीबाग पुलिस ने यतीश कुमार, संजय अग्रवाल, सुजीत कुमार, नरेश राय और बंतु सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मूर्तियों को हजारीबाग ले जाया गया है. बताया गया है कि हजारीबाग से चोरी कर लायी गयी मूर्तियों को संजय ने अपने घर में छुपाने की जगह अपने मित्र यतीश कुमार को लालच देकर उसके बरियातू, बड़गाई स्थित घर में रखवा दिया. इसके लिए उसे हर दिन 50हजार रुपये देने का वायदा किया. यतीश ने मूर्तियों को अपने घर के टॉयलेट की दोछत्ती में छुपा कर रख दिया. आज हजारीबाग पुलिस ने दोनों मूर्तियों को उसी दोछत्ती से बरामद किया.
हजारीबाग एसपी कार्तिक एस के नेतृत्व में मिली सफलता मूर्तियों की चोरी होने के बाद हजारीबाग एसपी कार्तिक एस के नेतृत्व में पुलिस ने टीम बनाकर 72 घंटे के अंदर चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

