हजारीबाग: सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में मंगलवार को सदर प्रखंड क्षेत्र के चुने गए उज्जला दीदीयों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक मनीष जायसवाल शामिल हुए. उज्ज्वला दीदीयों को संबोधित करते हुए विधायक जायसवाल ने कहा की वर्तमान समय में महिलाओं की परिकल्पना केवल चूल्हा- चौका करने तक सिमित नहीं है, बल्कि आज महिलाएं समाज के सभी क्षेत्रों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही है. सरकार भी इसी आस्था और विश्वास के साथ महिलाओं पर कई योजनाओं के सफल संचालन की जिम्मेवारी सौंपी है.
उन्होंने कहा की महिलाओं को जो भी जिम्मेवारी दी जाती है, उसे वो बड़ी ईमानदारी और निष्ठा से पूर्ण करती है. विधायक जायसवाल ने वर्तमान समय में रसोई गैस की उपयोगिता और इसके फायदे के बारे में विस्तार से बताया. विधायक जायसवाल ने यह भी आग्रह किया कि आपके माध्यम से सरकार ने जन-जन तक जागरूकता अभियान चलाने का जो निर्णय लिया है उसे बरकरार रखें. मुझे पूर्ण विश्वास है कि उज्ज्वला योजना के छूटे हुए लाभुकों को भी आपके माध्यम से जल्द इसका लाभ मिलेगा.
मौके पर विशेष रूप से सदर सीओ, सदर बीस सूत्री अध्यक्ष सहित कई भाजपा कार्यकर्तागण मौजूद रहे.

