8 दिसंबर को भारत बंद का जेएमएम ,कांग्रेस ,राजद व वाम दलों का समर्थन
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि देश के मालिक को मजबूर बनाने के केंद्र सरकार के षड्यंत्र के खिलाफ झारखंड में भी उलगुलान होगा.
हेमंत सोरेन ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि हमारे मेहनती किसान देश के आन-बान-शान है, किसान अन्नदाताओं के पक्ष में झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार 8 दिसंबर को भारत बंद का पूर्ण समर्थन करता है.
इधर,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने भी सभी पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं से 8 दिसंबर को आहूत भारत बंद के समर्थन में सड़कों पर उतर कर पूर्ण रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. डॉ0 उरांव ने सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि राज्य मुख्यालय एवं जिला मुख्यालयों में पार्टी झण्डा, बैनर के साथ विरोध प्रदर्शन के द्वारा किसान संगठनों के भारत बन्द कार्यक्रम को पूर्णतः सफल बनाये.
उधर, सभी प्रमुख वाम दलों ने भी किसान संगठनों के भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान किया है. वाम दलों की ओर से भारत बंद को सफल बनाने को लेकर व्यापक रूप से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. वहीं वाम दलों के कार्यकर्त्ता जगह-जगह सड़क पर उतर कर प्रदर्शन भी कर रहे हैं.

