दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में एक बेकाबू कार ने फुटपाथ पर बैठे दो बच्चों समेत चार लोगों को कुचल दिया. इसमें एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई. वहीं, दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है. घायलों को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार रोहिणी सेक्टर 16 से जी ब्लाक मेन रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर मंगलवार शाम करीब सात बजे हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर के बाहर कुछ लोग बैठकर आने जाने वालों से भीख आदि मांग रहे थे. इस मंदिर के पास हरीश अपनी पत्नी शांति देवी के साथ बैठकर भीख मांग रहा था. पास में पांच साल का अंशू और 11 साल का सुरज बैठा हुआ था. तभी सामने से तेज रफ्तार कार आई. चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार पहले फुटपाथ पर बैठे चारों को कुचला. फिर दूसरी तरफ डिवाइडर से टकराकर रुक गई.
बताया जाता है कि कार में बैठे चार युवक निकले और तेजी से गलियों में गायब हो गए. मौके पर खून से लथपथ चार घायल पड़े हुए थे. स्थानीय लोगों ने घायलों को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया जहां हरीश और उसकी पत्नी की मौत हो गई. वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने कार फूंकने की कोशिश भी. लेकिन मौके पर केएन काटजू मार्ग पुलिस स्टेशन के एसएचओ बलिहर सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए. उऩ्होंने उग्र भीड़ को शांत कराया और कार को खींचकर थाने ले आए. वहीं पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर कार में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के वक्त कार में सवार कौन युवक वाहन चला रहा था.

