हापुड़: उत्तर प्रदेश में हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार के पलट जाने से उसमें सवार एक कांस्टेबल समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गये.
पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि लखीमपुर खीरी के धौराराहा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को हरियाणा निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया था. पुलिस ने शनिवार देर रात हरियाणा के गुरुग्राम में दबिश देकर दोनों को बरामद किया था. उन्हें वापस लखीमपुर ले जा रहे थे.
उन्होंन बताया कि लौटते समय आज तड़के करीब साढ़े तीने बजे हापुड़ के पास कार जैसे ही सिंभावली क्षेत्र के राजमार्ग स्थित सिंभावली चीनी मिल गेट के निकट पहुंची तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया. कार डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी सड़क पर गुजर रही एक कार के ऊपर पलट गई.
इस हादसे में कार चालक मेराज अली, रिंकू उर्फ जसवंत तथा पुलिस कांस्टेबल सचिन कुमार की मृत्यु हो गयी जबकि दरोगा धर्मेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल दीपिका यादव, रेखा तथा दूसरी कार का चालक विनोद कुमार घायल हो गये. घायलों मेरठ के लिए रेफर किया गया है.

