रांची: रांची के इटकी थाना क्षेत्र के ब्रांबे रोड रानी खटंगा गांव के समीप देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया है. घायलों को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है. थाना प्रभारी विजय कुमार के अनुसार मृतक की पहचान उसके पॉकेट में मिले आधार कार्ड से हुई है.
मृतक की पहचान नगड़ी के केशारो गांव निवासी कमल गोप का पुत्र विक्रांत गोप (22) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार विक्रांत अपने दो दोस्तों के साथ मोटर साइकिल पर पंडरा गांव की ओर जा रहा था. पंडरा पुल के समीप निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया.

