आंगनबाड़ी द्वारा टीएचआर वितरण के दौरान दी जा रही है कोविड-19 संबंधित जानकारी
जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जागरूकता हेतु की गई अनोखी पहल
टेक होम राशन के पैकेट पर लगाया जा रहा है कोविड-19 संबंधित स्टिकर
शीघ्र ही आंगनबाड़ी केंद्रों में कोविड-19 के जागरूकता हेतु होगी वाल पेंटिंग
पलामूः उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी शशि रंजन के निर्देश तथा जिला समाज कल्याण विभाग की ततपरता से जिले भर के 80 हजार घरों में जाकर सेविकाओं ने टेक होम राशन के साथ साथ कोविड-19 से सम्बंधित जागरूकता संदेश दिया है. इन सभी घरों को डोर टू डोर कवरेज के तहत कवर किया गया है.
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने बताया कि जिले भर में कोविड-19 को लेकर ग्राउंड लेवल पर जागरूकता की जरूरत है. लोग बिना मास्क के घरों से बाहर न निकलें, दो गज की दूरी रखें सहित अन्य सरकारी निर्देशों की जानकारी सभी तक पहुंचाने की जरूरत थी.
ऐसे में उपायुक्त के निर्देश पर टेक होम राशन यानी टीएचआर को चुना गया है. इसके तहत सेविका घर घर जाती हैं और बच्चों का सूखा राशन पहुंचाती हैं. अक्टूबर माह के दिये गए टीएचआर के पैकेट्स के ऊपर कोविड-19 जागरूकता संदेश से संबंधित स्टिकर भी लगाया गया है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कोविड-19 के जागरूकता हेतु वाल पेंटिंग भी की जाएगी.
बताते चलें कि हाल में त्योहारों के मौसम के दौरान लोगों ने सरकारी दिशा निर्देश को ताक पर रख था. जिससे जिले में कोरोना के संक्रमण का आसार बढ़ गया है. ऐसे में जरूरत है लोगों को जागरूक करने की. जिला प्रशासन ने लोगों के बीच जागरूकता संदेश देने हेतु विभिन्न तरीकों को अपनाया है. चाहे वो हर चौक-चौराहों पर बैनर पोस्टर हो या कोरोना उचित व्यवहार कैंपेन हो.

