तमिलनाडू: कोयंबटूर में चार साल का वीरा नाम का एक कुत्ता एक दुर्घटना में अपने दोनों पैरों को गंवा चुका था और इस कारण वह लंगड़ाकर चलता था. लेकिन अब उसे एक व्हीलचेयर दिया गया, जिसकी मदद से अब वो आसानी से कहीं भी आ जा सकता है. दरअसल, शहर के पशु प्रेमी की नजर वीरा पर पड़ी और उसे कुत्ते की इस हालत को देखकर दुख हुआ. इसके बाद उसने वीरा के लिए एक व्हीलचेयर तैयार किया. साथ ही उसने वीरा को गोद भी ले लिया है.
एक आईटी कर्मचारी गायत्री ने अपने मैकेनिकल इंजीनियर पिता की मदद से वीरा के लिए एक छोटा व्हीलचेयर बनाया. गायत्री का कहना है कि उन्होंने शहर के एक आश्रय गृह से चार साल के वीरा को गोद लिया और उसे कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान घर लेकर आईं.
उन्होंने कहा, मैं बचपन से ही हमेशा कुत्तों से प्यार करती थी. हालांकि, पढ़ाई के कारण मेरे पास समय नहीं होता था, इसलिए मेरे पास पालतू कुत्ता नहीं रहा. लेकिन जब कोरोना और लॉकडाउन के दौरान मैंने घर से काम करना शुरू किया और मेरे पास समय रहने लगा, तो मुझे लगा कि यह कुत्ता खरीदने का सही समय है.

