नई दिल्ली:- संयुक्त किसान मोर्चा ने भारी बवाल के बाद मंगलवार शाम को अपनी ट्रैक्टर रैली वापस ले ली है. संयुक्त किसान मोर्चा ने बयान जारी कर कहा कि किसान गणतंत्र दिवस परेड को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है और सभी से अपील की जाती है कि वो अपने संबंधित धरना स्थल पर तुरंत वापस लौट आएं.किसान मोर्चा ने आगे कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण जारी रहेगा और आगे के कदमों चर्चा कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा. दरअसल, आज किसानों का ट्रैक्टर मार्च तय रूट से भटक गया और लालकिले पर जा पहुंचा, जहां कुछ किसानों ने अपने झंडे लहराए.
इससे पहले दिल्ली के आईटीओ रोड पर कुछ उपद्रवियों ने जमकर हुड़दंग किया और ट्रैक्टरों के जरिए दिल्ली पुलिस को रौंदने की कोशिश की. आईटीओ पर दोपहर से लेकर शाम तक उपद्रवियों और पुलिस के हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों ने आईटीओ पर सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है. इन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इस हिंसा में करीब 63 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

