घटना से भड़के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
चतरा:- चतरा की औद्योगिक नगरी कोयलांचल टंडवा में कोल वाहनों का आतंक बदस्तूर जारी है. दरअसल थाना क्षेत्र में संचालित सीसीएल की कोल परियोजनाओं में कोयले की ढुलाई में लगे ट्रांसपोर्टिंग कंपनी आरकेटीसी और मां अंबे की गाड़ियां लगातार लोगों की जिंदगियां लील रही है. वहीं दूसरी ओर शनिवार को साइकिल से अपने घर जा रहे हैं थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी आदित्य मिश्रा की जान एक बेलगाम कोल वाहन ने ले ली. उड़सू मोड़ इलाके में हुई दुर्घटना में गाड़ी के टक्कर से मौके पर ही अधेड़ आदित्य मिश्रा की दर्दनाक मौत हो गई. हालांकि घटना के बाद मौके से चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा. जिसके बाद लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने ग्रामीण सड़क से गैर कानूनी तरीके से हो रहे कोल ट्रांसपोर्टिंग के विरोध में सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण बगैर रोक-टोक 24 घंटे भीड़भाड़ वाले ग्रामीण इलाके से हो रही कोयला ढुलाई पर विरोध जताते हुए मृतक के आश्रित को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सीसीएल के मिलीभगत से ट्रांसपोर्टिंग कंपनियां आरकेटीसी व माँ अम्बे ग्रामीणों के जान से खिलवाड़ कर रही हैं. बहरहाल घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मौके से शव उठाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रही है.
