देश भर में अग्निपथ योजना को लेकर खड़ा हुआ बवाल थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है. अलग-अलग शहरों में युवाओं के प्रदर्शन तेज हो गए हैं. कई जगहों पर ये प्रदर्शन हिंसक हो चले हैं. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और बलिया जिले से ऐसी ही खबरें सामने आई हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिरोजाबाद में सुबह 5 बजे के करीब सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कुछ बसों में तोड़फोड़ की. इसे लेकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की. फिलहाल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर यातायात चालू है.
इसी तरह बलिया से भी लगातार प्रदर्शन की तस्वीरें आ रही हैं. यहां सुबह-सुबह रेलवे स्टेशन पर युवाओं की भीड़ जमा हो गई. इन युवाओं ने अग्निपथ योजना के खिलाफ खूब नारेबाजी की.
इस दौरान छात्रों ने एक खाली पड़ी ट्रेन की बोगियों में आग लगा दी. प्रशासन की तरफ से आग बुझाने और क्षेत्र को खाली कराने की कोशिश की जा रही है. इसके साथ ही युवाओं पर पत्थरबाजी कर आस-पास की चीजों को नुकसान पहुंचाने का आरोप है.
इस पूरे घटनाक्रम के बारे में बलिया की डीएम सौम्या अग्रवाल ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा,
‘सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर फोर्स तैनात की गई है. कुछ गुंडे वहां पहुंचे थे, लेकिन उन्हें ज्यादा नुकसान करने से रोक दिया गया. उन्होंने पथराव का भी प्रयास किया. कार्रवाई की जा रही है.’

