लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए अपनी विधायक निधि से लखनऊ, आगरा तथा रायबरेली के लिए डेढ़ करोड़ रूपये की धनराशि दी है.
उन्होंने अपने एक माह का वेतन भी कोरोना पीडितों के उपचार और संक्रमण से बचाव के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की भी घोषणा की है.
डॉ. शर्मा ने लखनऊ के अलावा अपने प्रभार वाले जिलों आगरा और रायबरेली के लिए पैसा जारी करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ को पत्र भेज दिया है.
उन्होंने लखनऊ के लिए एक करोड़ रूपए जबकि आगरा और रायबरेली के लिए 25-25 लाख रूपए निर्गत करने की संस्तुति की है. इस धनराशि का प्रयोग कोरोना वायरस के आम लोगों के बचाव के लिए आवश्यक उपकरण अथवा अन्य सामान खरीदने के लिए किया जाएगा.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनमानस को कोरोना के संक्रमण से बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है.

