यूपी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश को एक अच्छी फिल्म सिटी की जरूरत है और राज्य सरकार ये जिम्मेदारी लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है. उन्होंने कहा, हम एक फिल्म सिटी तैयार करेंगे और इसके लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे का क्षेत्र काफी कारगर सिद्ध होगा.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह फिल्म सिटी फिल्म निर्माताओं के लिए एक बेहतर विकल्प सिद्ध होगी. उन्होंने कहा कि यह प्रयास रोजगार सृजन की दृष्टि से भी काफी मुहत्वपूर्ण साबित होगा. उन्होंने इस दिशा में जल्द से जल्द भूमि के विकल्पों के साथ यथाशीघ्र कार्ययोजना तैयार किए जाने के निर्देश दिए हैं.
दरअसल, सीएम ने बीते शुक्रवार अपने आवास पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ मंडल के जिलों- मेरठ, हापुड़, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलन्दशहर के विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने इस दौरान गाजियाबाद में जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण के लिए प्रस्तावित केंद्र के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए.

