रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए आगामी 26 मार्च को होने वाले चुनाव के संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) ने एक सीट के झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन को उम्मीदवार बनाये जाने की घोषणा की गयी है.
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने मुख्यमंत्री सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन समेत अन्य नेताओं से बातचीत करने के बाद रांची में पत्रकारों को बताया कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव में यूपीए की ओर से एक उम्मीदवार शिबू सोरेन होंगे, जबकि दूसरा उम्मीदवार कौन होगा, इस पर फैसला जल्द ही ले लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि शिबू सोरेन की पहचान आंदोलनकारी और संघर्ष करने वाले नेता के रूप में है और वे त्याग और बलिदान के प्रतीक है. उन्होंने कहा कि झामुमो की ओर से एक सीट के लिए उम्मीदवार का नाम तय हो गया है. दूसरी सीट के लिए उम्मीदवार के नाम पर विचार-विमर्श का सिलसिला चल रहा है.
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान किसी व्यक्ति विशेष को राज्यसभा भेजे जाने का कोई वायदा नहीं किया गया था. उन्होंने कहा कि वे पूरी जिम्मेवारी के साथ यह कहना चाहते है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से किसी व्यक्ति के लिए कोई वायदा नहीं किया गया था. हालांकि तब परिस्थितियां भी कुछ अलग थी, बाबूलाल मरांडी की ओर से यह बात की गयी थी, आज वे कहां है, सबको पता है, वहीं एक अन्य नेता भी उस पार्टी में नहीं है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दो में से एक सीट के लिए शिबू सोरेन का नाम तय हो गया है, समय आने पर दूसरी सीट के लिए भी विपक्ष की रणनीति को देखने के बाद उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी.
एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास आज की स्थिति में राज्य में अंकगणित के अनुसार, एक सीट जीतने के लिए संख्या बल नहीं है. वहीं यूपीए उम्मीदवारों की दोनों सीट पर जीत सुनिश्चित हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाये जाएंगे.

