फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. हैरत की बात यह है कि चुनाव आयोग की ओर से जारी सूची में फिरोजाबाद जिले की टूंडला विधानसभा सीट का नाम नहीं है. इससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है.
इस विधानसभा सीट से 2017 में प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने जीत हासिल की थी। योगी सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था. आगरा लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद एसपी सिंह बघेल ने इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई थीं.
टूंडला विधानसभा सीट से सपा ने महाराज सिंह धनगर, बसपा ने सुनील चित्तौड़ और कांग्रेस ने स्नेहलता बबली को प्रत्याशी बनाया है. हालांकि भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशी का एलान नहीं किया है. हाल में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां जनसभा कर चुके हैं.
नहीं मिली जिला प्रशासन को कोई सूचना
वहीं फिरोजाबाद जिला प्रशासन को भी उपचुनाव संबंधी कोई सूचना नहीं मिली है. एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि अभी टूंडला विधानसभा उपचुनाव के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग से कोई अधिसूचना नहीं मिली है.
उधर, भाजपा जिला अध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से टूंडला में खोले गए चुनाव कार्यालय को बंद करने को कहा है. उन्होंने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं से हुई बात के बाद यह निर्णय लिया गया है। चुनाव आयोग ने चुनाव के लिए टूंडला का नाम नहीं दिया है.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र तनेजा ने फोन पर बताया कि टूंडला सीट का नाम चुनाव सूची में न देखकर निराशा हुई है, लेकिन चुनाव जब भी होगा भाजपा ही यहां से एतिहासिक बहुमत से जीतेगी. कार्यकर्ता एवं समर्थक अपना उत्साह बनाए रखें.

