मुंबई:- बॉलीवुड कलाकार अक्षय कुमार , अजय देवगन , सांसद और एक्टर सनी देओल , तापसी पन्नू और सोनू सूद सहित कई फिल्मी सितारों ने रविवार को उत्तराखंड में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.
जोशीमठ में नंदादेवी नामक ग्लेशियर के एक हिस्से के टूट जाने से धौली गंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई और पारिस्थितिकीय रूप से नाजुक हिमालय के हिस्सों में बड़े पैमाने पर तबाही हो गई. इस हादसे में ऋषि गंगा बिजली प्रोजेक्ट में काम कर रहे 50 से 100 मजदूर लापता हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल और अन्य एजेंसियां युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही है.
अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा, ‘उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने के भयावह दृश्य, सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं.
सनी देओल ने भी ट्वीट कर उत्तराखंड की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
अजय देवगन ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि एनडीआरएफ की टीम (आपदा मोचन दल) अधिक से अधिक लोगों को बचाने में सक्षम होगी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस मुश्किल समय में मेरी प्रार्थनाएं उत्तराखंड के लोगों के साथ हैं.
एक्टर सोनू सूद ने ट्वीट किया, ‘उत्तराखंड हम आपके साथ हैं.’ एक्टर रणदीप हुड्डा ने कहा कि प्रकृति के साथ मानव हस्तक्षेप का पर्यावरणीय प्रभाव. उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं.’

