अमेरिका: कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कोविड-19 वैक्सीन अक्टूबर तक तैयार हो सकती है. ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर हमला बोलते हुए कहा कि वे लोग वैक्सीन को लेकर लोगों की उपेक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव से पहले कोरोना वैक्सीन तैयार हो जाएगी.
व्हाइट हाउस में न्यूज कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘ये हमारे देश के लिए बहुत खतरनाक है, जो वो लोग कह रहे हैं, लेकिन वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी होगी.’
दरअसल, ट्रंप का यह बयान इसलिए आया है, क्योंकि डेमोक्रेटिक पार्टी की उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और सीनेटर कमला हैरिस ने कहा था, ‘वह वैक्सीन को लेकर ट्रंप की किसी बात पर भरोसा नहीं करेंगी.’
वैक्सीन को लेकर ट्रंप ने कहा, ‘मैंने वैक्सीन को लेकर जो कहा वह वर्ष के अंत तक है, लेकिन मुझे लगता है कि यह जल्द ही हो सकता है. वैक्सीन अक्टूबर के महीने तक तैयार हो सकती है, वास्तव में नवंबर से पहले भी हो सकती है.’
हैरिस ने एक साक्षात्कार में कहा था, ‘मैं साल के अंत तक तैयार होने वाली कोरोना वायरस वैक्सीन पर भरोसा नहीं करूंगी, क्योंकि हम डोनाल्ड ट्रंप के मुंह से निकली बात पर भरोसा नहीं कर सकते हैं. ट्रंप दोबारा राष्ट्रपति बनने पर ध्यान दे रहे हैं, जिसके चलते वैज्ञानिक भ्रमित हैं.’

