रांची: राजेंद्र प्रसाद सिंह बाबू का निधन हमारे लिए व्यक्तिगत क्षति है. जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती. उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूं. उनके निधन पर भाजपा नेता और झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हम अपने जीवन में काफी कम ऐसे लोगों से मिले जो मजदूरों के प्रति इतनी संजीदगी रखते थे और हर वक्त उनके लिए वह खड़े होते थे.
अजय राय ने कहा कि उनका प्यार और आशीर्वाद हमने काफी पाई थी और काफी सहयोग उनका लिया था और जब भी वह मिलते हैं वह गार्जियन के रूप में ही चाहे वह विधायक रहे या फिर मंत्री.
उन जैसे गार्जियन के मार्गदर्शन में हमने अपने हजारों श्रमिक संघ के साथियों को झारखंड ऊर्जा निगम में परमानेंट कराया था, जिसमें उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी.
उन्होंने कहा कि उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता है. वह हमेशा मजदूरों के दिलों में एक मजदूर मसीहा के रूप में ही रहेंगे.
अपूरणीय क्षति: दीपक प्रकाश
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, विधायक राजेंद्र सिंह के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने गहरा शोक प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिये यह अपूरणीय क्षति है.
उन्होंने स्व सिंह की आत्मा को शांति प्रदान करने के लिये ईश्वर से प्रार्थना की और कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रभु परिजनों को धैर्य एवम साहस प्रदान करें.
श्रमिकों के प्रति योगदान के लिये हमेशा याद रहेंगे राजेन्द्र सिंह : सुबोधकांत सहाय
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने वरीय कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और विधायक राजेंद्र सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त किया है. उनके परिजनों को भेजे गये अपने शोक संदेश में श्री सहाय ने कहा है कि दुःख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं सिंह के परिवार एवं प्रियजनों के साथ है.
सहाय ने कहा कि बिहार और झारखंड की आम जनता विशेषकर श्रमिकों के प्रति उनके समर्पण, मजदूर हित में किये जानेवाले हर संघर्ष में आगे रहने के प्रति उनके जुझारूपन और कोयला श्रमिकों की आवाज को प्रत्येक मंच पर सशक्त आवाज देनेवाली उनकी पहचान को हमेशा याद किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, श्रमिक नेता और एक कांग्रेस कार्यकर्त्ता के रूप में राजेंद्र जी ने अपनी हर भूमिका का पूरी ईमानदारी से निर्वहन किया.
सहाय ने कहा कि इंटक नेता के रूप में राजेंद्र सिंह ने पूरे देश के श्रमिक हित की बात की और उन्हें मान, सम्मान और पहचान दिलाया.
अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि में सहाय ने कहा कि मजदूरों के सच्चे हितैषी राजेंद्र सिंह के निधन से उन्हें व्यक्तिगत क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई असंभव है.
राजेंद्र सिंह का निधन झारखंड की राजनीति की अपूरणीय क्षति: राजेश शुक्ल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने बेरमो के विधायक, झारखंड के पूर्व मंत्री और देश के मजदूरों के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
शुक्ल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि राजेंद्र बाबू व्यवहार कुशल जननेता थे तथा राजनीति में उनके साथ संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बिंदेश्वरी दुबे के सानिध्य में मुझे भी सेवा का अवसर मिला था और स्वर्गीय दुबे के नेतृत्व में हम लोंगो ने एक टीम में काम किया था.
शुक्ल ने कहा है कि राजेंद्र बाबू से उनके पारिवारिक संबंध थे. निजी तौर पर उनसे मेरा लगाव हमेशा से रहा. उनके निधन को शुक्ल ने अपनी निजी क्षति बताया.
उन्होंने उनके परिजनों से इस कष्ट में धैर्य रखने का आग्रह करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रभु से प्रार्थना किया है. साथ ही इस कष्ट में अपने को भी सहभागी बताया है.

