ब्यूरो चीफ
रांची: रांची की महापौर का चुनाव लड़ चुकी वर्षा गाड़ी एक बार फिर अपनी पुरानी पार्टी में शामिल हो गयी हैं. उनके बारे में बताया जा रहा है कि उनकी मंशा 2019 की झारखंड विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाना है. आजसू पार्टी से पुराने रिश्ते का लाभ लेते हुए इन्होंने दुबारा रिश्ता स्थापित किया है.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि झामुमो से जल्द मोहभंग कर वे दूसरे दल में शामिल होंगी. पूर्व में आजसू से मोह भंग होने के बाद उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया था. इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने की प्रबल इच्छा को देखते हुए उन्होंने कई दलों से संपर्क भी किया. पर इसका लाभ उन्हें समय पर नहीं मिल पाया.
मंगलवार को वर्षा गाड़ी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुई हैं. उनकी दिली चाह थी कि उन्हें खिजरी से किसी दल से टिकट मिल जाये. पर आजसू पार्टी ने अपनी चौथी सूची में रामधन बेदिया को खिजरी से प्रत्याशी बनाया है.
इतना ही नहीं कांके से भी रामजीत गंझू को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है, जिसकी घोषणा तीसरी सूची में की गयी थी. जबकि रांची के मांडर (आरक्षित) सीट से भी हेमलता उरांव को टिकट दिया जा चुका है.
आजसू केंद्रीय चुनाव समिति इस मसले पर निर्णय लेगी कि वर्षा गाड़ी को किस सीट से प्रत्याशी बनाया जाये. इसकी घोषणा जल्द कर दी जायेगी.

