रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्यभर के विभिन्न जिलों में हाल के दिनों में मोटरसाईकिल सवार युवकों द्वारा छिनतई, लूट, चोरी, फायरिंग, जानलेवा हमला और हत्या की घटना की घटनाओं को अंजाम दिया गया. इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब झारखंड पुलिस ने बाइक सवार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया है.
राज्य के पुलिस महानिदेशक एम.वी. राव ने मंगलवार को रांची में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगले 15 दिनों तक दोपहिया वाहनों की जांच को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अपराधियों ने दोपहिये वाहनों से ही कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. जिसको लेकर स्पेशल टास्क दिया जा चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले एक महीने तक पूरे राज्य में नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पुलिस महानिदेशक ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क जांच अभियान भी चलाने का निर्देश दिया है। डीजीपी ने सभी से अपील की है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोग मास्क या गमछा का प्रयोग जरूर करें। इसको लेकर रांची समेत राज्य भर के सभी जिलों में 13 जून से ही अभियान की शुरुआत हो चुकी है.

