रांची: कोरोना ने कमर, अपनों ने साथ, सरकार ने उम्मीद तोड़ दिया. हमारे बच्चे भूखे हैं, सरकार बताएं हम क्या खाएं…. कुछ ऐसे ही लिखे पोस्टर लेकर वेंडर मार्केट के दुकानदार मार्केट खोलने की मांग पर सोमवार को प्रदर्शन शुरू किया. इसके कुछ ही देर बाद जिला प्रशासन ने कुछ शर्ताेंं के साथ अटल स्मृति वेंडर मार्केट खोलने की अनुमति दे दी.
मालूम हो कि कोरोना को लेकर मार्च में हुए लॉकडाउन के बाद से करीब चार माह से अटल स्मृति वेंडर मार्केट बंद है. इसको खोलने की मांग को लेकर दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर थाली-कटोरा लेकर प्रदर्शन किया.
दुकानदारों का कहना है कि मार्केट खोलने के नाम पर अब तक केवल आश्वासन ही मिलता रहा. मार्केट कब से खुलेगा, इसको लेकर कोई भी कुछ नहीं कह रहा है. जबकि, अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से लगभग सभी दुकानें व मार्केट खुल गईं. लेकिन मार्केट को खोलने को लेकर कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं.
चार माह से मार्केट बंद रहने से दुकानदारों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है. इसलिए अब अनशन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आ रहा है. इधर, सोमवार को वेंडरों की व निगम के पदाधिकारियों की मांग के आधार पर एडीएम लॉ एंड आर्डर ने सोमवार को इस संबंध में निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र भेजा है.
मार्केट खाेलने पर इस पर देना होगा ध्यान-
- जिला प्रशासन ने इस मार्केट को खोलने के पूर्व दुकान एवं भवन का सैनिटाइजेशन करने के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों का सैनिटाइजेशन कराना अनिवार्य होगा.
- मार्केट में आने वाले खरीदार और विक्रेता दोनों को सोशन डिस्टेंस के साथ थर्मल स्कैन से जांच कराएंगे. साथ ही 6 फीट की दूरी पर सर्कल बनाकर पंक्तिबद्ध रखकर प्रवेश कराएंगे. ताकि दुकान एवं मार्केट में भीड़-भाड़ ना हो.
- सभी खरीदार एवं विक्रेता को मास्क पहनना पूर्णत अनिवार्य होगा
मार्केट के आस-पास किसी भी व्यक्ति का थूकना प्रतिबंधित रहेगा. ताकि कोविड-19 संक्रमण का खतरा ना हो.

