दिल्ली: दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल में विकास दुबे के छुपे होने का इनपुट मिला था. उसी के आधार पर फरीदाबाद पुलिस ने वहां रेड की. लेकिन वहां विकास दुबे नहीं मिला. मगर फरीदाबाद पुलिस ने विकास दुबे के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को आशंका है कि वहां विकास दुबे भी मौजूद था. इस ख़बर के बाद यूपी एसटीएफ की एक टीम फरीदाबाद रवाना हो गई है.
कानपुर के मोस्ट वांटेड विकास दुबे की तलाश में पुलिस ने मंगलवार को फरीदाबाद के बड़खल चौक पर बने ओयो गेस्ट हाउस में छापेमारी की. पुलिस की टीम में करीब 30 से 35 जवान और अधिकारी सादा वर्दी में थे. गेस्ट हाउस पर छापे के दौरान पुलिस ने वहां से विकास दुबे के एक साथी को पकड़ा है, हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ कहने को तैयार नहीं है.
फरीदाबाद में दिल्ली-मथुरा हाईवे के किनारे बड़खल चौक पर एक ओयो गेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी की. बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कानपुर कांड का मोस्ट वॉन्टेड विकास दुबे का एक साथी वहां छिपा है. पुलिस ने आनन-फानन में यह कार्रवाई अंजाम दे डाली. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 30 से 35 की संख्या में पुलिस के जवान सादा वर्दी में वहां पहुंचे थे. कुछ देर वहां ठहरने के बाद पुलिस दल वहां से निकल गया. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां फायरिंग भी हुई.

