नई दिल्ली: क्रिकेट जगत में आज ही के दिन विराट कोहली के रूप में एक महानतम बल्लेबाज का जन्म हुआ था. कोहली आज अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं. अगस्त 2008 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में एकदिवसीय मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यु करने वाले कोहली ने पीछे मुड़ कर कभी नहीं देखा. उन्होंने अपने करियर में अब तक 82 टेस्ट, 239 एकदिवसीय और 72 टी -20 मैच खेले हैं.
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली किसी परिचय के मोहताज नहीं है. उनकी गिनती विश्व के सबसे सफल बल्लेबाजों में होती है. ‘रन मशीन’ के नाम से मशहूर विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट में अमिट छाप छोड़ी है और दिन प्रति दिन वह इस ओर और अग्रसर हो रहे हैं.
5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे विराट युवा खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत हैं. 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले विराट ने अपने 11 साल के करियर में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने की बात करें तो विराट कोहली इस सूची में चौथे स्थान पर काबिज हैं. कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 69 शतक बनाए हैं. 43 वनडे और 26 टेस्ट शतक शामिल हैं. यहां पर 100 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर बने हुए हैं.
विराट कोहली वन-डे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं. उन्होंने 52 गेंदों में शतक बनाया है.
विराट कोहली वन-डे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 8000, 9000, 10000 और 11,000 रन बनाने वाले दुनिया के सबसे तेज खिलाड़ी हैं.
विराट कोहली 15,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दुनिया के सबसे तेज खिलाड़ी हैं. साथ ही विराट कोहली वनडे में लगातार तीन शतक बनाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं.
विराट कोहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पारी के मामले में 2,000 रन बनाने के लिए दुनिया में सबसे तेज खिलाड़ी हैं. वनडे में 30, 35 और 40 शतक बनाने वाले दुनिया के सबसे तेज खिलाड़ी हैं विराट कोहली.
विराट कोहली टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा सात दोहरे शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने सचिन तेंदुलकर और वीरेंदर सहवाग के 6-6 दोहरे शतकों का रिकॉर्ड भी तोड़ा है .

