हल्द्वानी: कोरोना मरीजों के लिए खुशखबरी है. हल्द्वानी में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों के लिए अब प्लाज्मा बैंक (Plasma Bank) बनाने की तैयारी है. डीएम ने इसके आदेश सीएमओ को दे दिए हैं. इस बैंक में ऐसे कोरोना मरीजों के शरीर से निकाला हुआ प्लाज्मा स्टोर किया जाएगा, जो बीमारी से ठीक होकर घर लौट चुके हैं. नैनीताल (Nainital) के डीएम सविन बंसल ने बताया है कि जिन कोरोना पाॅजिटिव मरीजों का इलाज सुशीला तिवारी कोविड अस्पताल में हो रहा है, उनके ठीक होने के बाद डाटा बेस तैयार किया जा रहा है. यह डाटा मुख्य चिकित्साधिकारी और सुशीला तिवारी चिकित्सालय प्रबन्धन आपस में शेयर करेंगे. ये डाटा हर दिन अपडेट होगा.
डीएम के मुताबिक कोविड-19 हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने वाले मरीज से अस्पताल प्रबंधन प्लाज्मा डोनेशन का घोषणा पत्र भरवाएगा. उनसे स्वेच्छा से प्लाज्मा डोनेशन की लिखित सहमति ली जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर प्लाज्मा डोनेशन के लिए बुलाया जा सके. जिलाधिकारी ने बताया कि प्लाज्मा थेरेपी के लिए जिले में प्लाज्मा बैंक बनाया जाएगा. नैनीताल प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां प्लाज्मा बैंक होगा. डीएम बंसल के मुताबिक जरूरत के अनुसार संक्रमित तथा कोरोना पाॅजिटिव लोगों का इलाज प्लाज्मा थेरेपी से होगा.
उन्होंने बताया कि प्लाज्मा डोनर्स के ब्लड ग्रुप के साथ ही उसका मोबाइल नंबर, पता तथा अन्य सूचनाएं रिकार्ड मे रखी जाएंगी. ऐसे व्यक्ति को प्लाज्मा वारियर्स के रूप में पहचाने जाएंगे. प्रशासन उन्हें प्रशस्ति पत्र और गिफ्ट देकर सम्मानित भी करेगा. डीएम ने इस बैंक के लिए 2.5 लाख रुपए का फंड भी दे दिया है.

