यूपी : लॉकडाउन में बंद पड़ी वोल्वो बस सेवा फिर से शुरू हो गई है. आलमबाग बस टर्मिनल से नौ हाई एंड बसें दिल्ली बार्डर तक चलेंगी. अंतरराज्यीय बसों के संचालन पर रोक के बाद ये बसें दिल्ली बार्डर कौशांबी तक यात्रियों को पहुंचाएंगी.
आलमबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डीके गर्ग ने बताया कि इंटरस्टेट बसों के संचालन पर रोक के चलते हैं लखनऊ से आनंद विहार के लिए कोई बस सेवा नहीं चलेगी. बदले में यात्रियों को दिल्ली नजदीक पहुंचाने के लिए एसी लग्जरी बसों को कौशांबी तक भेजा जाएगा. सभी बसों का संचालन गुरुवार से शुरू होगा.
सुबह आठ से रात दस बजे तक बसें मिलेगी
यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए आलमबाग बस टर्मिनल पर सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक बसें मिलेगी. हर दो घंटे के समय सारणी पर दिल्ली की बसों का संचालन किया जाएगा. ये बसें आगरा एक्सप्रेस वे होकर दिल्ली बार्डर तक जाएगी. करीब सवा पांच सौ किलोमीटर की दूरी आठ घंटे में पूरी होगी. यात्रियों को 20 रुपये तक किराया भी कम देना होगा. इन बसों में एडवांस व तत्काल में सीटों की ऑनलाइन बुकिंग परिवहन निगम की वेबसाइट पर कर सकते है.

