5 एवम 6 दिसम्बर को मतदान केंद्रों में लगेगा विशेष शिविर
डालटनगंज:- पलामू जिले के उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर जिले के मतदाताओं को जागरूक करने हेतु मतदाता जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया. जागरूकता रथ को उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह- नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमित प्रकाश ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
2 दिसंबर 2020 को रवाना किया गया जागरूकता रथ जिले भर के सभी प्रखंडों में जाकर लोगों को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी देगा. उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा दिनांक 1 जनवरी 2021 को अर्हता तिथि मानते हुए फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1795 मतदान केंद्रों में किया जा रहा है. आयोग से प्राप्त निर्देशों अनुसार दिनांक 16 नवंबर 2020 को एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है एवं दिनांक 15 जनवरी 2021 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाना है. उन्होंने बताया कि 5 एवं 6 दिसंबर 2020 को मतदान केंद्रों में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. विशेष शिविर में मतदान केंद्रों पर बीएलओ के द्वारा पंजीकरण तथा सुधार हेतु दावा एवं आपत्ति प्रपत्र प्राप्त किया जाएगा. उन्होंने पलामू वासियों से अपील की है कि वे वर्तमान में संचालित पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें.
उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2021 के दौरान यदि कोई नागरिक दिनांक 1 जनवरी 2021 को या इसके पूर्व 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर चुका है एवं मतदाता बनने की अर्हता रखता है, वो मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने हेतु प्रपत्र 6 में रंगीन फोटो तथा उम्र एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा मतदाता सूची में नाम निबंधित कराने हेतु प्रवासी भारतीय प्रपत्र 6 क में आवेदन कर सकते हैं. मतदाता सूची से नाम विलोपन हेतु प्रपत्र 7 में आवेदन कर सकते हैं. वही मतदाता सूची में सुधार हेतु प्रपत्र 8 में आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा मतदाता सूची में एक ही विधानसभा अंतर्गत एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरित करने के लिए प्रपत्र 8 क में आवेदन कर सकते हैं.
जागरूकता रथ के रवानगी के मौके पर विभिन्न मतदान केंद्रों के बीएलओ सहित समाहरणालय के पदाधिकारीध्कर्मचारी मौजूद थे.

