रांची: राजधानी रांची के बड़ा तालाब के जल्द ही लोग वोटिंग और कैफेटेरिया का मजा ले पाएंगे. रांची नगर निगम ने बड़ा तालाब (विवेकानंद सरोवर) में वोटिंग और कैफेटेरिया के लिए जल्द ही टेंडर निकालने का निर्णय लिया है. इसके तहत विवेकानंद सरोवर में निगम जल्द ही वोटिंग चलाएगा. साथ ही तालाब के बीचों-बीच स्थित टापू में निगम एक कैफेटेरिया भी खोलेगा.
वोटिंग करते हुए लोग टापू तक पहुंचेंगे. इसके लिए निगम जल्द ही एक टेंडर भी निकालेगा. इसके साथ ही निगम की योजना है कि बड़ा तालाब के चारों और बाकी पड़े पाथ-वे का भी काम पूरा करेगा. बताया जा रहा है कि यह काम पहले फेज में बची राशि से किया जाएगा. बची हुई राशि करीब 4 करोड़ है.
वहीं दूसरे फेज का काम अब नहीं होगा.इसकी जगह बची राशि से तालाब में वोटिंग, कैफेटेरिया खोलने के अलावा पाथे-वे बनाकर सौंदर्यीकरण का काम पूरा होगा. राजधानी के ह्दय स्थल में बसे विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) के सौंदर्यीकरण के नाम पर बड़ी राशि खर्च कर दी गयी है. यह राशि करीब 17 करोड़ रुपये है. यह राशि सौंदर्यीकरण योजना के पहले फेज के तहत खर्च की गयी. इसके बावजूद बड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण का काम आज तक अधूरा ही पड़ा है. अब तक केवल तालाब के चारों ओर पाथ-वे बनाने के नाम पर ही 10 करोड़ रुपये फूंक दिये गय. इसके लिए तालाब में बड़े-बड़े पिलर तक गाड़े गये. लेकिन काम को अधूरा छोड़ दिया गया.

