नई दिल्ली:- पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 39 सीटों पर गुरुवार को दूसरे चरण के तहत मतदान होगा. चुनाव आयोग ने इस संबंध में विश्वास और पारदर्शिता के लिए सभी उचित उपाय किए हैं. मतदान कोविड मानदंडों के तहत ही आयोजित किया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं.
पश्चिम बंगाल- 30 सीटें, 171 उम्मीदवार.
चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 30 सीटों पर मतदान होना है. इस चरण के लिए 10,620 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इस चरण में कुल 171 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें से 19 महिलाएं हैं.
इसमें बांकुरा में सबसे ज्यादा 11 उम्मीदवार मैदान में है. इस चरण में 75,94,549 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
भारतीय जनता पार्टी और राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने दूसरे चरण के दौरान बंगाल की सभी 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. वहीं कांग्रेस, वामदल और उनके अन्य सहयोगी चुनाव लड़ रहे हैं. माकपा ने 15 उम्मीदवारों को दूसरे चरण के दौरान सियासी मैदान में उतारा है. कांग्रेस के 9, भाकपा के 2, और एआईएफबी और आरएसपी के 1-1 उम्मीदवार हैं. 32 निर्दलिये हैं और 44 अन्य पार्टियों के उम्मीदवार हैं.
राज्य की 30 विधानसभा सीटों की 10620 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होनी है जिसके लिए केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है. खास बात यह है कि सभी मतदान केंद्रों को आयोग ने संवेदनशील घोषित किया है और 651 कंपनी केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है.
दूसरे चरण में बांकुड़ा के पार्ट 2, पूर्व मेदिनीपुर पार्ट 2, पश्चिम मेदिनीपुर पार्ट 2 और दक्षिण 24 परगना के पार्ट वन में वोटिंग होगी. चुनाव आयोग ने आदेश दिया है कि मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में राज्य पुलिस के जवानों की तैनाती नहीं होगी और केवल केंद्रीय बलों के जवान मतदान केंद्रों की सुरक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था के हालात को भी संभालेंगे.
प्रमुख मुकाबला
इस चरण में प्रमुख मुकाबला नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी और एक समय में उनके सहयोगी रहे भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी के बीच है. माकपा ने इस सीट पर मीनाक्षी मुखर्जी को मैदान में उतारा है. तृणमूल ने बांग्ला फिल्मों के चर्चित अभिनेता सोहम चक्रवर्ती को चंडीपुर से टिकट दिया है और उनका मुकाबला भाजपा के पुलक कांति गुरिया और माकपा के आशीष कुमार गुछाइत से है. मोयना में पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा के खिलाफ तृणमूल ने संग्राम कुमार दोलुई और कांग्रेस ने मानिक भौमिक को मैदान में उतारा है.
असम-39 सीटें, 345 उम्मीदवार
असम में दूसरे चरण में 13 जिलों की 39 सीटों पर मतदान होना है. आयोग ने इसके लिए 10,592 मतदान केंद्र बनाए हैं. राज्य में कुल दूसरे चरण में 73,44,645 मतदाता है जिसमें एक लाख 17,164 सेवा मतदाता हैं. असम में इस चरण में कुल 345 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है. इसमें से 26 महिलाएं हैं. सबसे ज्यादा उम्मीदवार अल्गापुर में हैं यहां 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. वही उदालगुरी में केवल 2 उम्मीदवार ही मैदान में हैं. इस चरण में भारतीय जनता पार्टी ने 34, कांग्रेस ने 28 और भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद ने छह उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है.
दूसरे चरण में अधिकांश सीटें बराक घाटी, मध्य असम और कुछ सीटें निचले असम में हैं. ऊपरी असम में पहले चरण के तहत 27 मार्च को मतदान संपन्न हो चुका है.

