70 आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को उपलब्ध करायी गयीं ऊनी टोपियां
रांची:- मिशन वन मिलियन स्माइल्स मुहिम के तहत बुधवार को नामकुम के किशोर नगर आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत सभी 650 बच्चों के लिये गर्म कंबल, मोजे और गर्म टोपियां उपलब्ध करवाये गये.
मौके पर मौजूद 280 छात्रों को उप समाहर्ता संजय कुमार, सेंट जेवियर स्कूल के प्रिंसिपल फादर संजय केरकेट्टा, शहर के उद्यमी कुणाल अजमानी तथा समाजसेवी अतुल गेरा ने संयुक्त रूप से कंबल, गर्म टोपियां व मोजे प्रदान किये. जबकि शेष उन बच्चों के लिए जो क्रिसमस की छुट्टी पर घर चले गए हैं उनके हिस्से के सभी गर्म कपड़े विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध करा दिए गए. गर्म कपड़े पाकर जहां बच्चों के चेहरे खिल गए, वहीं विद्यालय के प्राचार्य फादर वाल्टर ने इस सामाजिक प्रशासनिक मुहिम के प्रति विद्यालय प्रबंधन की ओर से आभार व्यक्त किया.
आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को उपलब्ध कराई जा रहीं हैं ऊनी टोपियां
फिलहाल अनगड़ा और ओरमांझी प्रखंड में क्रमश: 50 एवं 20 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तक ऊनी टोपियां संबंधित सेविकाओं के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं. उपसमाहर्ता संजय कुमार ने बताया कि सभी प्रखंडों की सीडीपीओ के माध्यम से जिले के हर आंगनवाड़ी केंद्र में पंजीकृत जरूरतमंद बच्चों तक गर्म टोपियां भेजने का प्रयास किया जा रहा है.

