सुभाष प्रसाद सिंह,
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र नाथ महतो के विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने पर नाला विधानसभा क्षेत्र के हर वर्ग के लोगों, उनके समर्थकों तथा परिवार के सदस्यों में खुशी की लहर देखी जा रही है.
रविंद्र नाथ महतो के पिता 80 वर्षीय गोलक बिहारी महतो ने बताया कि वे अपने बड़े पुत्र रविंद्रनाथ को शिक्षक बनाना चाहते थे, परंतु उसकी रुचि राजनीति में ज्यादा थी. इसलिए मैंने उसे समाज सेवा के लिए छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि नाला की जनता के अपार स्नेह के कारण ही रवि तीन बार विधायक बने.
वहीं उनके छोटे भाई संजीव महतो ने बताया कि एक भाई के नाते उनका जो दायित्व था उन्होंने उसका निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि गुरु जी तथा यहां की जनता का आशीर्वाद साथ में रहने के कारण ही उन्हें यह सफलता मिली. जिस स्कूल से रविन्द्र नाथ महतो ने पठन पाठन किया वहां के शिक्षक ही नहीं बल्कि छात्र छात्राओं में भी काफी खुशी देखी जा रही है. विधानसभा अध्यक्ष बनने पर जामताड़ा जिलेवासी भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.

