चंडीगढ़ (धरणी): सूबे के स्कूल खुलने के बाद सैकड़ों की तादाद में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सरकार ने स्कूल पुन: बंद करा दिए हैं. वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमण फैलने की बात मानते हुए खट्टर ने कहा है कि, ‘हरियाणा के दिल्ली से सटे इलाकों में ऐसे मामले बढ़ने शुरू हो चुके हैं.
उन्होंने कहा कि, लोगों के बचाव के लिए जरूरी है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करें. लोग जब अपने घरों से बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें.’ अनलॉक में ढील पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, अब हरियाणा में सरकार के लॉकडाउन लगाने की कोई मंशा नहीं है.
राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण के अब तक 2,12,355 मामले सामने आ चुके हैं. यह संख्या भाजपा की सरकार वाले अन्य प्रांत गुजरात से ज्यादा है. बीते 24 घंटों में ही हरियाणा के भीतर 3104 नए मरीज मिले. इसके अलावा यहां 25 लोगों ने दम तोड़ा. अब तक 2138 लोग जान गंवा चुके हैं. 20150 सक्रिय मरीज बताए जा रहे हैं. राज्य के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि, यहां अब तक 31 लाख से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है. 1 लाख 90 हजार से ज्यादा लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं. बीते रोज 2508 लोग रिकवर हुए.

