रांची: झारखंड में आज से दोपहिया वाहन चलाते वक्क हेलमेट के साथ मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. इसे लेकर बुधवार को राजधानी रांची के विभिन्न चौक-चौराहों में सघन जांच अभियान चलाया गया.
परिवहन सचिव के रविकुमार द्वारा जारी आदेश में इस नियम का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन कानून के तहत मुकदमा किया जाएगा. हेलमेट होने के बावजूद यह कार्रवाई होगी. इसके अलावा बाइक चलाने वाले के पास हेलमेट नहीं होने की स्थिति में एक हजार रुपये का जुर्माना अतिरिक्त लगेगा.
परिवहन सचिव ने राज्य के सभी ट्रैफिक एसपी से लेकर डीटीओ तक को पत्र लिखकर इस नियम का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. परिवहन सचिव के स्तर से जारी पत्र में सभी जिलों से नियमित तौर पर शाम पांच बजे तक इससे संबंधित रिपोर्ट भी मांगी गई है.

