रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. पिछले सप्ताह तक तेजी से बढ़ता ठंड इस सप्ताह से लगातार कम हो रहा है. सोमवार को राज्य भर का न्यूतनम तापमान औसतन 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जमशेदपुर, पाकुड़ और साहिबगंज में तो यह 14 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक 17 फरवरी के बाद से राज्य भर के न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है.
मंगलवार सुबह से रांची में आसमान साफ है. धूप खिली हुई है लेकिन दोपहर बाद मौसम के करवट लेने की संभावना है. पूर्वानुमान के मुताबिक 16 से 19 फरवरी तक राज्य मध्य व पश्चिम भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं वज्रपात या हल्के दर्जे के बारिश की भी संभावना है. मुख्य रूप से रांची, गुमला, हजारीबाग, बोकारो, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम जिले में बारिश के आसार हैं.
पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं अगले 3 तीन दिनों तक रांची का न्यूनतम तापमान औसतन 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान औसतन 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम की बात करें तो मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा. राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जमशेदपुर का 31.6 डिग्री रिकार्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो का 11.1 डिग्री रिकार्ड किया गया.

