नई दिल्ली:- पहाड़ों में बर्फबारी के चलते हिमपात की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे कई मार्ग बाधित हैं. गिरते तापमान के बीच इन दिनों उत्तरी भारत में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर लोगों पर कहर बरपा रही है. वहीं, देश के कुछ इलाकों में काले बादलों ने डेरा डाल रखा है, जिससे बारिश की संभावना जताई जा रही है.
– पंजाब- हरियाणा में बारिश
पंजाब और हरियाणा में गुरूवार को कई स्थानों पर बारिश देखने मिली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ में बारिश हुई. इसके अलावा मोहाली, लुधियाना, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भी बारिश हुई.
पिछले कुछ दिनों में दोनों राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया.
– यूपी के इन इलाकों में बारिश और ओले गिरने की संभावना
उत्तर प्रदेश के के कुछ उत्तरी क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है. 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न मंडलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. इस दौरान गोरखपुर, अयोध्या और बरेली मंडलों में दिन के तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटों के दौरान अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, आगरा तथा बरेली मंडलों में रात के तापमान में भी काफी वृद्धि दर्ज की गई.
इस दौरान अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, झांसी तथा मेरठ मंडलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा. रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान बस्ती राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में अनेक स्थानों पर और पूर्वी भागों में कुछ जगहों पर बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. राज्य के कुछ उत्तरी क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है.
– झारखंड में भी बारिश की संभावना
रांची के मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आज भी तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. शुक्रवार से मौसम में बदलाव हो सकता है. आकाश में बादल छाये रह सकते हैं. मौसम वैज्ञानिकों की मानें, तो 5 फरवरी से मौसम का मिजाज बदल सकता है. कई जिलों में बारिश के आसार हैं.

